उत्तर प्रदेशराजनीति

लखनऊ : “दलितों, वंचितों की प्रखर आवाज थे रामविलास पासवान”, सीएम योगी बोले – चिराग बढ़ा रहे उनका मिशन

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सुशांत गोल्फ सिटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नमन किया। इस दौरान भजन कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ।

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जुझारू तेवर वाले जननेता थे। उन्होंने अपने तेवर और संघर्ष से सामाजिक चेतना को नया आयाम दिया। करीब 50 वर्ष पहले बिहार में एक ऐसे युवा नेता का अभ्युदय हुआ, जो दलितों और वंचितों की प्रखर आवाज बने। बिहार की जनता ने उन्हें सर्वाधिक मतों से जिताकर संसद भेजा।

संसद में लंबे समय तक साथ काम किया :-
सीएम ने कहा कि बतौर सांसद उन्हें भी रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक संसद में कार्य करने का अवसर मिला। उनके मन में भारतीय परंपरा के प्रति हमेशा श्रद्धा और सम्मान का भाव रहा। दलित और वंचित वर्ग को न्याय मिले, उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मान और उचित स्थान मिले, इसी संकल्प के साथ रामविलास पासवान ने निरंतर कार्य किया।

चिराग पासवान बढ़ा रहे रामविलास का मिशन :-
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति आज भी खलती है, लेकिन संतोष इस बात का है कि उनके पुत्र चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button