ब्रेकिंग न्यूज़

जब परदे पर गरजे नाना : “आ गए मेरी मौत का तमाशा देखने”, अभिनेता के 10 आइकॉनिक डायलॉग, जो आज भी हैं लोगों को याद

“साला ये दुख काहे खत्म नहीं होता बे”… नाना पाटेकर सिर्फ अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए नहीं जाने जाते थे। बल्कि, उनके बोलने का अंदाज भी लोगों को काफी पसंद आता था। यही वजह थी कि जब वह अपनी फिल्मों में किसी डायलॉग को बोलते थे, तो वह छा जाता था। अभिनेता ने कभी गुस्से में बोलकर तालियां बटोरीं, तो कभी एक साधारण-सी बात को अपने अंदाज से ऐसा बना दिया कि वह वर्षों तक याद रही।

“क्रांतिवीर” से लेकर “वेलकम” तक उनके संवादों ने उनके किरदारों को अलग पहचान दी। खास बात यह रही कि नाना की संवाद अदायगी में अभिनय और वास्तविकता के बीच की दूरी लगभग खत्म हो जाती थी। आइए नजर डालते हैं उनके 10 ऐसे संवादों पर, जिनका असर फिल्मों के बाहर भी दिखाई दिया।

1. “आ गए मेरी मौत का तमाशा देखने?” – क्रांतिवीर
यह शायद नाना पाटेकर के करियर का सबसे पहचाना जाने वाला संवाद है। ‘क्रांतिवीर’ के एक सीन में बोले गए इस डायलॉग में गुस्सा, चुनौती और व्यवस्था के खिलाफ विद्रोह तीनों दिखाई देते हैं। नाना की आवाज और चेहरे के भाव ने इसे महज एक फिल्मी लाइन नहीं रहने दिया। आज भी यह डायलॉग उनके नाम के साथ सबसे पहले याद किया जाता है।

2. “ये मुसलमान का खून, ये हिंदू का खून… बता इसमें मुसलमान का कौन सा, हिंदू का कौन सा?” – क्रांतिवीर
अभिनेता का दूसरा डायलॉग भी फिल्म ‘क्रांतिवीर’ से ही है। इसका असर सिर्फ सिनेमाई नहीं था। नाना का किरदार धर्म के नाम पर होने वाली हिंसा पर सीधा सवाल खड़ा करता है। सवाल बेहद सरल था, लेकिन उसकी ताकत इसी सादगी में थी। खून का रंग एक है तो इंसानों को धर्म के नाम पर अलग क्यों किया जाए? यह संवाद आज भी ‘क्रांतिवीर’ के सबसे प्रभावशाली दृश्यों में गिना जाता है।

3. “सौ में से अस्सी बेईमान, फिर भी मेरा भारत महान” – यशवंत
यह डायलॉग व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर नाना के किरदार की नाराजगी को सामने रखता है। व्यंग्य के अंदाज में कही गई यह लाइन इतनी लोकप्रिय हुई कि लंबे समय तक भ्रष्ट व्यवस्था पर टिप्पणी करते समय इसे दोहराया जाता रहा। नाना की आवाज ने इस व्यंग्य को और धार दी।

4. “एक मच्छर साला आदमी को हिजड़ा बना देता है” – यशवंत
‘यशवंत’ का यह डायलॉग नाना की आक्रामक संवाद अदायगी का बेहतरीन उदाहरण है। लाइन के शब्द भले ही तीखे हों, लेकिन इसे लोकप्रिय बनाने में नाना की प्रस्तुति का बड़ा योगदान रहा। यह उन डायलॉग में शामिल हो गया, जिनका जिक्र नाना पाटेकर के नाम के साथ आज भी तुरंत होता है।

5. “धंधे में कोई किसी का भाई नहीं होता” – परिंदा
‘परिंदा’ में नाना ने अन्ना के किरदार में अपराध की दुनिया का निर्मम चेहरा दिखाया था। यह डायलॉग उस दुनिया के उसूल को बेहद सीधे शब्दों में सामने रखता है, जहां रिश्तों से ज्यादा मायने स्वार्थ और धंधे का होता है। इस भूमिका ने नाना को हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली नेगेटिव किरदारों में जगह दिलाई।

6. “पंद्रह सौ की नौकरी करने वाला, एक दिन तुझे डेढ़ सौ का कफन पहनाएगा” – तिरंगा
“तिरंगा” में नाना का पुलिस अधिकारी वाला अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया। यह संवाद सत्ता और अपराध के सामने एक आम सरकारी कर्मचारी की चुनौती को दर्शाता है। नाना की डिलीवरी ने इसे देशभक्ति और कर्तव्य की भावना से जोड़ दिया।

7. “अपना तो उसूल है, पहले लात, फिर बात, उसके बाद मुलाकात” – तिरंगा
यह लाइन नाना के किरदार की दबंग छवि का हिस्सा बनी। संवाद में मौजूद लय और नाना के बोलने के अंदाज ने इसे खास बना दिया। ‘तिरंगा’ के एक्शन और देशभक्ति वाले माहौल में यह डायलॉग उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को और मजबूत करता है।

8. “हम सब सिस्टम का हिस्सा हैं… सिस्टम डिसाइड करता है, अपन फॉलो करता है।” – अब तक छप्पन
“अब तक छप्पन” में नाना ने पुलिस अधिकारी साधु आगाशे का किरदार निभाया था। यह डायलॉग उस पूरी व्यवस्था की विडंबना को सामने लाता है, जिसमें अधिकारी खुद भी सिस्टम के फैसलों से बंधा हुआ है। इस भूमिका ने नाना को एक बार फिर गंभीर और यथार्थवादी अभिनेता के रूप में स्थापित किया।

9. “भगवान का दिया हुआ सब कुछ है… दौलत है, शोहरत है, इज्जत है…” – वेलकम
यहीं नाना पाटेकर ने साबित किया कि उनकी आवाज सिर्फ गुस्से और गंभीर भूमिकाओं के लिए नहीं है। ‘वेलकम’ के उदय शेट्टी ने उनकी इंटेंस एक्टिंग को कॉमेडी में बदल दिया। डायलॉग की गंभीर प्रस्तुति और स्थिति की कॉमेडी के बीच का विरोधाभास ही इस किरदार की सबसे बड़ी ताकत बना। उदय शेट्टी के डायलॉग आज भी सोशल मीडिया और मीम कल्चर में खूब इस्तेमाल होते हैं।

10. “कुणी घर देता का घर? एका तुफानाला कुणी घर देता का?”- नटसम्राट
“नटसम्राट” में नाना ने आप्पासाहेब बेलवलकर के रूप में जिंदगी के उस दर्द को पर्दे पर उतारा, जहां एक कलाकार अपने ही घर में अकेला पड़ जाता है। यह डायलॉग मराठी रंगमंच और सिनेमा के बेहद चर्चित संवादों में शामिल है। इसमें सिर्फ घर खोने का दुख नहीं, बल्कि उम्र, रिश्तों और कलाकार के अस्तित्व का संकट दिखाई देता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button