उत्तराखंड के कांग्रेस विधायक को व्हाट्सएप पर मिली जान से मारने की धमकी, नकाबपोश ने भेजा वीडियो


मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को WhatsApp पर आपत्तिजनक संदेश और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विधायक के अनुसार, अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनके WhatsApp पर आपत्तिजनक ऑडियो, वीडियो और संदेश भेजे गए। इनमें अभद्र भाषा के साथ धमकी भी दी गई। एक वीडियो में नकाबपोश व्यक्ति द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की पहचान और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी तक पहुंचने का दावा किया है।




